Get Even More Visitors To Your Blog, Upgrade To A Business Listing >>

मणिपुर वायरल वीडियो: शर्म भी शर्म से पानी पानी हो गई!



आज का वीड़ियो बनाते वक्त मेरा मन अंदर ही अंदर उबल रहा है...मैं अपने आप को शर्मशार महसूस कर रही हूं..सिर्फ़ मैं ही क्यों मणिपुर का वीड़ियो देखने के बाद तो शर्म खुद शर्म से पानी पानी हो गई है! 
औरतों ने जन्म दिया मर्दो को, 
मर्दो ने उन्हें बाजार दिया! 
जब जी चाहा कुचला,मसला, 
जब जी चाहा दुत्कार दिया। 
ये कपड़े सिर्फ़ दो महिलाओं के नहीं उतरे है, तो पूरे देश के उतरे है! 140 करोड़ लोगों के उतरे है!! कहा जाता है कि जब रोम जल रहा था तब नीरो बांसुरी बजा रहा था। अभी हम ऐसा कह सकते है कि जब मणिपुर जल रहा था तब हमारे प्रधानमंत्री अमेरिका,फ्रांस और यूएई जा रहे थे और मणिपुर पर चुप्पी साधे हुए थे। नारे तो दिए जाते है बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ के और असलियत में क्या होता है? बेटियों को सरेआम नंगा किया जाता है? मणिपुर हिंसा में जल रहा है और उपद्रवियों में कानून का डर दूर दूर तक नहीं है। 

क्या हुआ मणिपुर में 
मणिपुर के थाउबल जिले में 4 मई को लगभग एक हजार मैतेई लोगों ने एक गांव पर हमला किया। जब तीन महिलाएं और दो पुरुष अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे थे तब वे भीड़ की गिरफ्त में आ गए। पुलिस उन्हें संरक्षण देकर ले जा रही थी तब भीड़ ने महिलाओं को पुलिस से छीन लिया। लेकिन कई लोगों का कहना है कि खुद पुलिस ने महिलाओं को भीड़ के हवाले किया! जिस पुलिस के संरक्षण में महिलाओं ने अपने आप को सुरक्षित महसूस करना चाहिए था उसी पुलिस ने उन्हें भीड़ के हवाले किया। तीन में से 50 साल की महिला भागने में सफल रही। दूसरी दो महिलाएं को जिनमे एक 40 साल की थी और एक 20 साल की थी भीड़ ने निवस्त्र करके सड़क पर उनसे छेड़छाड़ करते हुए पूरे गांव में घुमाया और एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया। इस भीड़ में एक महिला के भाई का दोस्त भी था। राज्य की मशीनरी मैतेई समुदाय के साथ है। 13 मई को सायकुल थाने में जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज कराई गई। सायकुल थाने से 21 जून को ये एफआईआर थाउबल थाने में दर्ज हुई। 19 जुलाई को इस घटना का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो जिसे दिखाना और देखना भी खुद को शर्मसार करने से कम नहीं है। 

एक फेक न्यूज के कारण हुई ये शर्मनाक घटना... 
एक झूठी खबर फैलाई गई थी कि एक मैतेई महिला की कूकी पुरुषों ने हत्या कर दी है। वास्तव में यह खबर दिल्ली की थी और बहुत पुरानी थी। लेकिन इस फेक न्यूज ने मैतेई पुरुषों को आदमखोर बना दिया। मणिपुर में झगड़ा मैतेई और कूकी समाज का है। झगड़ा जमीन का है। मैतेई आदिवासी तमगा लेकर कुकीयों के पहाड़ खरीदना चाहते है और कूकी आदिवासी जमीन नहीं छोड़ना चाहते। जमीन के झगड़े में महिलाएं क्यों पिसे? दुनियाभर की हर घटना, दुर्घटना, युद्ध और झगड़े का कहर महिलाओं पर ही क्यों बरसता है? 

मणिपुर में जो हुआ उसके लिए कौन जिम्मेदार है? 
किस तरह की राजनीति जिम्मेदार है जो लोगों को इस तरह के दुस्साहस से भर देती है कि वे किसी महिला को निर्वस्त्र करके घुमाएं और उनके शरीर के साथ जो चाहे वो करें? मणिपुर में बलात्कार की शिकार महिलाएं थाने में जाकर शिकायत भी नहीं कर पा रहीं है। समाज उन्हें हौसला नहीं देता है कि वे यौन हिंसा के खिलाफ बोले, आवाज उठाएं और हिंसा करनेवालों की पहचान करें। कितने दुख की बात है कि महिलाएं अपने तन और मन पर इतनी यातनाएं झेलने के बाद भी चुप रहने को मजबूर है! इस शर्मनाक घटना पर कुछ सवाल मन में आते है जैसे कि क्या मणिपुर की पुलिस भी साम्प्रदायिक गुटों में बंट गई है? जीरो एफआईआर 18 मई को दर्ज हुई। पक्की एफआईआर 21 जून को दर्ज हुई। दोनों के बीच इतना लंबा गैप क्यों हुआ? क्या मणिपुर के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को इस घटना की जानकारी थी? वे अब तक खामोश क्यों बैठे थे? जो पुलिस दो महीने से किसी भी आरोपी को नहीं पकड़ पाई थी उसी पुलिस ने वीडियो वायरल होते ही मुख्य आरोपी को कैसे पकड़ लिया? 

प्यारे देशवासियों, आपसे सिर्फ़ एक विनती है कि आप और मैं कुछ नहीं कर सकते तो मत कीजिए। सिर्फ़ अपनी चूप्पी तोड़कर मणिपुर हिंसा पर बोलिए। सिर्फ़ बोलने का फ़र्ज़ तो निभाइए! यदि कुछ पढ़े लिखे लोगों ने भी मणिपुर हिंसा पर बोल दिया तो शायद ये मरा हुआ समाज जागृत हो जाय! सरकार कार्यवाही करने मजबूर हो जाए। जैसे कुछ साल पहले एक सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में एक पात्र मिहीर की मौत होने पर देश की जनता ने सीरियल के निर्माता को इतने खत लिखे कि निर्माता ने तिकड़म बाजी कर मरे हुए मिहिर को जिंदा कर दिया था! सोचनेवाली बात ये है कि देश की जनता में इतनी ताकत है कि वो एक सीरियल के पात्र से इतना जुड़ाव महसूस कर उसे जिंदा करवा सकती है तो अपने ही देश की जीती जागती महिलाओं से जुड़ाव क्यों नहीं महसूस कर सकती? दोस्तों, ये सोचकर चुप न बैठे कि मणिपुर से हमें क्या लेना देना? आज ये घटना मणिपुर में हुई है क्या पता कल को ये घटना मेरे साथ भी हो सकती है? आपके घर की महिलाओं के साथ भी हो सकती है? इसलिए जागों देशवासियों जागो...मणिपुर की घटना पर बोलो... लगातार बोलो...ताकि पीड़ित महिलाओं को थोड़ा सा न्याय मिल सके और ऐसी शर्मनाक घटना फिर से न दोहराई जाए। 

सूचना-
यह लेख आप यू ट्यूब पर सुन सकते है।


Keywords: manipur culprit, viral video real story, manipur victim, manipur violence, 

Share the post

मणिपुर वायरल वीडियो: शर्म भी शर्म से पानी पानी हो गई!

×

Subscribe to आपकी सहेली ज्योति देहलीवाल

Get updates delivered right to your inbox!

Thank you for your subscription

×