उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल में 7 नए कैबिनेट सदस्यों को उनके विभाग सौंप दिए गए हैं। जिसकी जानकारी खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके दी है।
Related Articles
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद (Jitin Prasada) को तकनीकी शिक्षा विभाग (technical education ministry) का मंत्री बनाया गया। प्रसाद कांग्रेस छोड़ने के बाद जून महीने में BJP में शामिल हुए थे। प्रसाद की राज्य के ब्राह्मण नेताओं में गिनती की जाती है।
इसके अलावा राज्य मंत्री पलटू राम को सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रान्तीय रक्षक दल और नागरिक सुरक्षा विभाग, राज्य मंत्री डॉ. संगीता बलवंत को सहकारिता विभाग और धर्मवीर प्रजापति को औद्योगिक विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीएम योगी ने बताया कि राज्य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार को राजस्व विभाग, संजीव कुमार को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग और दिनेश खटीक को जल शक्ति एंव बाढ़ नियंत्रण की जिम्मेदारी दी गई है। सीएम योगी ने सभी मंत्रियों को बधाई दी है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव से करीब चार महीने पहले कैबिनेट विस्तार की कवायद शुरू की गई थी। BJP को उम्मीद है कि जितिन प्रसाद को कैबिनेट में शामिल करने से ब्राह्मण समुदाय के बीच एक बेहतर संदेश जाएगा।
हालांकि आलोचकों की नजर में जितिन प्रसाद का यह डिमोशन है, क्योंकि इसके पहले UPA सरकार में जितिन प्रसाद केंद्रीय मंत्री थे। वहीं प्रसाद ने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा है कि यह प्रमोशन या डिमोशन का विषय नहीं है। बल्कि यह लोगों के बीच सेवा करने का अवसर मिला है। यह सबसे बड़ी बात है।